एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला
Updated Mon, 06 Apr 2020 03:53 PM IST
आईआईटी मद्रास
- फोटो : सोशल मीडिया
ख़बर सुनें
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क द्वारा घोषित की जाने वाली इंडिया रैंकिंग 2020 को स्थगित कर दिया है। एनआईआरएफ रैंकिंग की घोषणा को कोरोना वायरस की वजह से फिलहाल टाल दिया गया है। इसके संबंध में एनआईआरएफ की वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी किया गया है जिसमें रैंकिंग को स्थगित करने की जानकारी दी है।
पिछले साल यह रैंकिंग अप्रैल के पहले हफ्ते में जारी की गई थी। इसमें उच्च शिक्षण संस्थान में आईआईटी मद्रास को शीर्ष स्थान मिला था। जबकि आईआईएस बेंगलुरु को दूसरा स्थान मिला था। 2019 की एनआईआरएफ रैंकिंग की सूची में दिल्ली आईआईटी को तीसरा स्थान मिला था। यह स्थान इंजीनियरिंग कैटिगिरी में मिला था। आपको बता दें कि कई मानकों को आधार बनाकर एनआईआरएफ हर साल शीर्ष उच्च शिक्षण संस्थानों की रैंकिंग जारी करता है। पिछले साल यह रैंकिंग 8 अप्रैल को जारी की गई थी।
इसे भी पढ़ें-लॉकडाउन: यूजीसी का निर्देश- सभी विश्वविद्यालय और कॉलेज मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन स्थापित करें
इसमें इंजीनियरिंग से लेकर प्रबंधन, मेडिकल, आर्किटेक्चर और लॉ संस्थानों के माहौल से लेकर पढ़ाई और सुविधाओं को आधार बनाकर शीर्ष शिक्षण संस्थानों की घोषणा की गई थी। 2019 में मिरांडा हाउस को बेस्ट कॉलेज की श्रेणी में रखा गया था। जबकि जामिया हमदर्द को सबसे बेहतरीन फार्मेसी संस्थान का खिताब मिला था। गौरतलब है कि इस वक्त कोरोना वायरस की वजह से देश में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है जो कि 14 अप्रैल को खत्म होगा। लॉकडाउन की वजह से स्कूल, कॉलेज और सभी उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं। कई प्रतियोगी परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। अब एनआईआरएफ रैंकिंग 2020 को भी फिलहाल आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। एनआईआरएफ रैंकिंग को 2015 में मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने पेश किया था। 2016 में सिर्फ चार श्रेणियों में इस रैंकिंग की घोषणा हुई थी। हर साल यह रैंकिंग अप्रैल के पहले हफ्ते में जारी होती है लेकिन कोरोना वायरस की वजह से इस बार इसे टाल दिया गया है।

0 Comments