Jobs
oi-Shilpa Thakur
नई दिल्ली। कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का असर ना केवल रोजगार पर बल्कि शिक्षा पर भी काफी पड़ रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने इस महीने के शुरुआत में कोरोना वायरस को देखते हुए मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) और जेईई (संयुक्त प्रवेश परीक्षा) को सितंबर की अलग-अलग तारीखों तक स्थगित कर दिया था। अब छात्र सोशल मीडिया पर एक बार फिर ये मांग कर रहे हैं कि इन परीक्षाओं को स्थगित किया जाए। इनका कहना है कि दोनों प्रवेश परीक्षाओं को सितंबर के बाद लिया जाए।

फिलहाल जेईई-मेंस की परीक्षा 1 से 6 सितंबर के बीच होगी। वहीं नीट की परीक्षा 13 सितंबर को होगी। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्र ये मांग कर रहे हैं कि परीक्षाओं को स्थगित कर दिया जाए। क्योंकि अगर संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच ये परीक्षा होती है तो छात्रों के जीवन को संकट हो सकता है। कई छात्रों का ये भी कहना है कि जब रोजाना 50 हजार के करीब नए मामले सामने आ रहे हैं तो ऐसे में परीक्षा कैसे ली जा सकती हैं। इन परीक्षाओं को तब तक स्थगित किया जाए जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते।
सोशल मीडिया पर छात्रों का कहना है कि ये परीक्षा या तो दिसंबर माह में ली जाएं या फिर साल 2020 को जीरो अकैडमिट ईयर घोषित किया जाए। हालांकि एचआरडी मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का कहना है कि अगर परीक्षा ली जाएंगी तो उनमें छात्रों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। हालांकि ये परीक्षाएं फिर से स्थगित होंगी या नहीं, इस मामले में मंत्रालय की ओर से अभी तक कुछ भी नहीं कहा गया है।
बता दें इससे पहले जेईई मेंस परीक्षा 19 जुलाई और 23 जुलाई को होने वाली थी और नीट परीक्षा 26 जुलाई को होनी थी। इस बार नीट 2020 के लिए करीब 15 लाख छात्रों ने आवेदन किया है और जेईई मेंस परीक्षा के लिए 9 लाख छात्रों ने आवेदन किया है।
GATE 2021: गेट परीक्षा की तारीख हुई घोषित, नियमों में किया गया बदलाव

0 Comments