Jobs
oi-Rahul Kumar
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते काफी दिनों से रुके पड़े संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) सिविल सर्विसेज 2019 के इंटरव्यू आज 20 जुलाई से शुरू हो गए हैं। इंटरव्यू का पूरा शिड्यूल 10 दिनों का है। ये इंटरव्यू 30 जुलाई तक चलेंगे। मेन्स परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों को इंटरव्यू की तारीखें भेज दी गई हैं। वहीं संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा के उम्मीदवारों को दिल्ली में पर्सनल टेस्ट के लिए आने-जाने का विमान के किराये का भुगतान करने का फैसला किया है।

सोमवार को यूपीएससी की जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि आयोग छात्रों को ठहरने और परिवहन संबंधी जरूरतों के संबंध में भी मदद करेगा। बयान में कहा गया है कि, ट्रेन सेवा पूरी तरह संचालित नहीं होने के मद्देनजर आयोग ने एक बार के उपाय के तहत व्यक्तित्व परीक्षण (पीटी) के लिए आने वाले छात्रों को आने-जाने के न्यूनतम विमान किराये के भुगतान का फैसला किया है।
राज्य सरकारों से पीटी के लिए ई-समन पत्र वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठने को लेकर कंटोनमेंट जोन से आने-जाने के लिए अनुमति देने के लिए कहा गया है। केंद्र सरकार ने मार्च में कोविड-19 महामारी को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी, उस वक्त यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2019 के 2304 उम्मीदवारों का इंटरव्यू चल रहे थे। लॉकडाउन लगने के बाद यूपीएससी ने 623 उम्मीदवारों का इंटरव्यू टाल दिए थे। जिन्हें अब फिर से आयोजित किया जा रहा है।
यूपीएससी के मुताबिक, क्रमबद्ध तरीके से लॉकडाउन खोले जाने पर यूपीएससी ने बचे हुए उम्मीदवारों के लिए 20 जुलाई से 30 जुलाई के बीच इंटरव्यू आयोजित करने का फैसला किया और सभी उम्मीदवारों को समय से इस बारे में अवगत करा दिया गया। कोरोना महामारी के दौर में आयोग ने इंटरव्यू देने आने वाले उम्मीदवारों के लिए खास इंतजाम किए हैं। आयोग पहुंचने पर सभी उम्मीदवारों को मास्क, फेस शील्ड, सैनेटाइजर की एक बोतल और ग्लव्स के एक किट दी जाएगी।
Final Year Exams: देश के 755 विश्वविद्यालयों ने भेजा जवाब, UGC ने परीक्षाओं को बताया जरूरी

0 Comments