(Hindi News from Navbharat Times , TIL Network)
2/8पूरा हिस्सा ही खतरनाक

फ्लोरिडा इंस्टिट्यूट ऑफ फूड ऐंड ऐग्रिकल्चरल साइंसेज के मुताबिक, मंचीनील का हर हिस्सा काफी खतरनाक होता है। पेड़ के किसी भी हिस्से के संपर्क में आना और उनका सेवन घातक हो सकता है। पेड़ से एक तरह का दूध जैसा रस निकलता है जो काफी गाढ़ा होता है। यह रस पेड़ के हर हिस्से जैसे छाल, पत्तियों और फलों से भी रिसता रहता है। अगर त्वचा पर उसकी एक बूंद भी गिर जाए तो बहुत तेज जलन महसूस होती है। इस रस के अंदर कई जहरीले तत्व पाए जाते हैं लेकिन सबसे खतरनाक फॉरबोल पाया जाता है। इसकी वजह से बारिश के दिनों में पेड़ के नीचे खड़ा रहना भी खतरनाक हो जाता है। दरअसल फॉरबोल बहुत तेजी से पानी में घुल जाता है। जब बारिश होती है तो पानी की बूंदों के साथ मिलकर वह नीचे गिरता है और आपकी स्किन पर काफी तेज जलन महसूस होगी। कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें मंचीनील की लकड़ी को जलाने पर उसके धुएं की वजह से लोगों की आंखों में सूजन आ गई और कई तो अस्थायी रूप से अंधेपन का शिकार हो गए। धुआं अगर शरीर के अंदर चला जाए तो वह और खतरनाक हो जाता है।
फोटो: साभार GettyImages
3/8छोटा सा टुकड़ा खाने पर भी हो सकती है मौत

वैसे ज्यादा घातक इसको खाना होता है। इसका एक छोटा सा टुकड़ा खाने पर भी आपकी मौत हो सकती है। इस फल को खाने के बाद इंसान को काफी उल्टियां और पेचिश होने लगती है जिससे इंसान की जान तक चली जाती है।
फोटो: साभार GettyImages
4/8जब मरते-मरते बची एक वैज्ञानिक

गलती से इसका फल खा लेने पर निकोला स्ट्रिकलैंड नाम की एक वैज्ञानिक मरते-मरते बची थीं। यह बात 1999 की है। स्ट्रिकलैंड अपनी एक दोस्त के साथ कैरिबियाई द्वीप टबैगो घूमने गई थीं। वहां जब बीच पर वह टहल रही थीं तो उनको एक हरा फल दिखा जो सेब जैसा दिख रहा था। फल से बहुत ही मीठी सुगंध आ रही थी। उन्होंने फल को चखने का फैसला किया और एक छोटा टुकड़ा खाया। पल भर के अंदर ही उनकी सारी खुशियां गम में तब्दील हो गईं। उनको जलन सी महसूस होने लगी और गला जाम सा होने लगा। उनकी इतनी हालत बुरी हो गई कि फल को निगला तक नहीं जा रहा था। खैर समय रहते उनको उपचार मिल गया। उनकी हालत को सही होने में करीब 8 घंटे लगे।
फोटो: साभार ट्विटर
5/8पेड़ का नाम

इस पेड़ का वैसे तो मंचीनील ट्री नाम है लेकिन इसे बीच ऐपल, जहरीला अमरूद, मौत का सेब नाम से भी जाना जाता है। स्पैनिश भाषा में इसको arbol de la muerte बोला जाता है जिसका मतलब होता है मौत का पेड़। गिनेस वर्ल्ड रेकॉर्ड्स के मुताबिक, वाकई में मंचीनील का पेड़ दुनिया में सबसे खतरनाक पेड़ है।
फोटो: साभार GettyImages
6/8कहां पाया जाता है?

मंचीनील का पेड़ दुनिया का सबसे खतरनाक पेड़ है। इसके हरे-भरे फल देखकर कोई भी धोखा खा जा सकता है। यह मध्य अमेरिका, कैरिबियाई द्वीप, दक्षिण अमेरिका के उत्तरी भागों और दक्षिणी फ्लोरिडा समेत उत्तरी अमेरिका के उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पाया जाता है।
फोटो: साभार GettyImages
7/8इस्तेमाल

वैसे स्थानीय पारितंत्र में यह पेड़ काफी अहम भूमिका निभाता है। यह दक्षिण अमेरिका के बीचों पर तटीय अपरदन को रोकने में सहायक है। कैरिबियाई कारपेंटर इसका इस्तेमाल सदियों से फर्नीचर में भी कर रहे हैं। वे इसको सावधानी के साथ काटते हैं और इसके जहरीले रस का असर खत्म करने के लिए धूप में इसे सुखाते हैं।
फोटो: साभार GettyImages
8/8चेतावनी

जाहिर सी बात है कि जब पेड़ इतना खतरनाक है तो उसको लेकर चेतावनी देना भी जरूरी है। कुछ जगहों पर मंचीनील के पेड़ों पर लाल क्रॉस का निशान बना दिया जाता है तो कहीं लाल रंग की गोल पट्टी बना दी जाती है। कुछ जगह पर तो स्पष्ट रूप से चेतावनी के बोर्ड लगे हुए हैं।
फोटो: साभार GettyImages


0 Comments